अलेवा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को नगूरां गांव में मच्छरों से फैलने वाली बीमारी के खिलाफ जागरूक करने के लिए एक अभियान चलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य वर्कर संजय कुमार ने की। मुख्य रूप से स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र ढांडा ने भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगूरां गांव में लोगों को मलेरिया व डेंगू से फैलने वाली बीमारी के खिलाफ जागरूक किया। इसमें बुखार संभावित लोगों के खून के नमूने लिए और जांच के लिए पीएचसी नगूरां भेजने का काम किया। लोगों को मलेरिया व डेंगू के खिलाफ जागरूक करते हुए स्वास्थ्य वर्कर संजय कुमार ने कहा कि बीमारी से बचने के लिए अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें। नरेंद्र ढांडा ने कहा कि अगर कोई बुखार पीड़ित पाया जाता है तो स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी रक्त पट्टिकाएं बना रही हैं। उन्होंने कहा कि मलेरिया बुखार संक्रमित मादा एनाफिलिज मच्छर के काटने से होता है, जोकि दूषित पानी में अपना जीवन चक्र पूरा करता है। मलेरिया बुखार में कंपकपी के साथ बुखार आता है और गर्मी लगकर पसीने के साथ बुखार उतर जाता है। पूरे शरीर में थकावट रहती है व सिर में दर्द होता है।