नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई करते पुलिस।
- फोटो : bureau
शहर के अमरहेड़ी नहर पुल के निकट शनिवार रात को दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। नहर में डूबते ही उसके दोस्तों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे और नहर में सर्च अभियान चलाया। जहां पर रविवार सुबह युवक का शव रेलवे पुल के निकट नहर से बरामद कर लिया। शहर थाना पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अर्बन एस्टेट निवासी 21 वर्षीय विक्रम शनिवार रात को अपने दोस्त विपिन से मिलने के लिए पटियाला चौक पर गया था। जहां से विक्रम, विपिन व उसके दोस्त नहर में नहाने के लिए अमरहेड़ी रोड पर स्थित पुल पर पहुंच गए। जहां से विक्रम ने नहर में छलांग लगा दी। नहर में पानी कम होने के कारण उसका सिर नहर पत्थर से जा टकराया। इससे वह बेसुध हो गया और नहर में ही डूब गया। जब उसके दोस्तों ने देखा तो तब तक वह डूब चुका था। उसके बाद उसके दोस्तों ने विक्रम की डूबने की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची, आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह उसका शव रेलवे पुल के निकट बरामद किया। पुलिस ने मृतक के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
दो बहनों का इकलौता भाई था विक्रम
परिजनों ने बताया कि विक्रम का पिता हरिकेश होमगार्ड में कार्यरत है। विक्रम दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है। इंस्पेक्टर नरसिंह ने बताया कि नहर में छलांग लगाते समय युवक के सिर पत्थर से टकराने से घायल हो गया और उसके बाद वह पानी के साथ बह गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।