11जेएनडी30 : रात को हुई बारिश के बाद शहर की सड़काें पर खड़ा पानी। संवाद
जींद। तेज तूफान के साथ शुक्रवार की रात में जिले में औसतन बारिश 15 एमएम दर्ज की गई। सबसे अधिक 28.6 एमएम अलेवा और सबसे कम उचाना ब्लॉक में पांच एमएम हुई। बारिश से जहां तापमान में कमी आई है वहीं फसलों के लिए भी यह फायदेमंद है। जिन खेतों में गेहूं की कटाई हो चुकी है, उनकी अब जुताई हो सकेगी। इसके अलावा ज्वार की फसल के लिए भी यह बारिश फायदेमंद रहेगी। जिन किसानों को कपास की बिजाई करनी है वे कर सकते हैं ।
शुक्रवार रात को लगभग आठ बजे से लेकर सुबह तीन बजे तक जिले में अच्छी बारिश हुई। जींद ब्लॉक में 5.6 एमएम, नरवाना में 22, सफीदों में 6, जुलाना में 12, उचाना में 5, पिल्लूखेड़ा में 21 तथा अलेवा में 28.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से तापमान में इजाफा हो रहा था। भीषण गर्मी का जनजीवन पर असर देखने के लिए मिल रहा था। तापमान भी 40 डिग्री पार पहुंच गया था। रात में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढक कर 38 डिग्री पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पर स्थिर बना रहा। शनिवार को मौसम साफ रहने से फिर से तापमान बढ़ गया। हवा की गति 19 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। आर्द्रता 25 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी डॉ. राजेश ने बताया कि बारिश से बीजी गई फसलों को फायदा होगा।
11जेएनडी30 : रात को हुई बारिश के बाद शहर की सड़काें पर खड़ा पानी। संवाद