जींद। नेशनल हाईवे 152डी के निर्माण के दौरान डलवाई गई मिट्टी के 3 करोड़ 60 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने ठेकेदारों की शिकायत पर निर्माण कंपनी के एमडी और प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
गांव मोरखी निवासी मैसर्ज शिव, सुनील, संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नेशनल हाईवे 152डी के निर्माण के दौरान कंपनी बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन के साथ जीरो से 24 किलोमीटर तक खेतों से मिट्टी उठान का एग्रीमेंट किया था। कंपनी पर उनका 3 करोड़ 60 लाख रुपये बकाया है। छह माह से कंपनी बहाना बनाकर उन्हें टाल रही है। किसान अपने पैसे के लिए उन पर दबाव बना रहे हैं। कंपनी भी अब पैसे देने से मना कर दी है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने सुनील, संजय व अन्य की शिकायत पर बृज गोपाल कंपनी के एमडी विक्रम गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर नरेश गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।