अलेवा। कस्बे की अनाज मंडी में खरीद एजेंसियों द्वारा धान की सरकारी खरीद करने के बाद बैग का उठान व बारदाना न होने से मंडी में एक लाख 90 हजार बैग अटके पड़े हैं। उठान न होने से किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए डालने के लिए जगह की कमी खल रही है। खरीद एजेंसियों द्वारा बैग का उठान में ढील बरतने के मामले में किसानों और आढ़तियों में सरकार व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के प्रति रोष है।
मंडी आढ़ती सुभाष, चंद्रपाल, जोगिंद्र, रामपाल व अनिल ने बताया कि मंडी में धान की पीआर किस्म की सरकारी खरीद करने के बाद खरीद एजेंसियां बैगों का उठान कराने में ढील बरत रही है। खरीद एजेंसियों द्वारा धान की पीआर किस्म की खरीद करने के बाद भरे गए बैगों का उठान कम व बारदाना न होने के कारण मंडी में शेड के नीचे व शेड के बाहर लगभग एक लाख 90 हजार धान के बैग व ढेरियां पड़ी हुई हैं। सरकारी एजेंसियों द्वारा उठान कम कराए जाने व बारदाना न होने के कारण किसानों को मंडी में फसल डालने के लिए जगह नही मिल रही है। खरीद एजेंसियों द्वारा उठान में ढील बरतने के कारण आढ़तियों व किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अनाज मंडी व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप बिढ़ान ने बताया कि मंडी के आढ़तियों द्वारा इसकी शिकायत सीएम व डीसी के अलावा तीनों खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से की जा चुकी हैं। एजेंसियों के अधिकारियों द्वारा उठान के लिए मिलर न होने का बहाना बनाकर टरका दिया जाता है। मंडी व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा डीसी से मिलर अलॉट करवा जल्द से उठान कराने व वारदाना मंगवाने की मांग की है।