जींद। राजकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट की ओर से सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन सुबह के सत्र की शुरुआत योगाभ्यास से की गई। योगाचार्य बिजेंद्र ने स्वयंसेवकों को योगाभ्यास कराया। प्रथम सत्र में एनएसएस स्वयंसेवकों ने कृषि विज्ञान केंद्र पिंडारा का भ्रमण किया। इसमें कोऑर्डिनेटर डाॅ. रामकरण ने स्वयंसेवकों को बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार की एक शाखा है।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. धीरज पंघाल ने छात्रों को केंचुओं की ओर से तैयार की जाने वाली खाद का अवलोकन कराया और इसको तैयार करने की विधि समझाई। डाॅ. रवि ने छात्रों को सीडर और सुपर सीडर का कृषि में किया जाने वाला उपयोग, लागत व उनसे होने वाले लाभ के बारे में अवगत कराया। दिन के दूसरे सत्र में नेहरू युवा केंद्र से जिला युवा अधिकारी हरप्रीत ने शिरकत की और उन्होंने छात्रों को केंद्र सरकार की ओर से विकसित माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम के बारे में बताया। उन्होंने छात्रों को समझाया कि किस प्रकार से वे सरकार के एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम से जुड़े और अपनी प्रोफाइल में वृद्धि करें। सात दिवसीय विशेष शिविर के संचालन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अमन नैन और अनु का विशेष योगदान रहा।