जींद। जुलानी गांव के पास अवैध निर्माणों को गिराने गए जिला नगर योजनाकार अमले के साथ ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की की और अवैध निर्माण गिराने से रोक दिया। ग्रामीणों की धक्का-मुक्की में जिला नगर योजनाकार अरविंद्र ढुल की कमीज भी फट गई। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए अमला लौट आया। बाद में ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सदर थाना पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की शिकायत पर 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट निशांत राठी ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार दोपहर जुलानी गांव में अवैध निर्माणों को गिराने के लिए जिला नगर योजनाकार अरविंद्र ढुल के नेतृत्व में अमला गया हुआ था। इसी दौरान ग्रामीण कार्रवाई के विरोध में उतर आए। जैसे ही जिला नगर योजनाकार दस्ते ने जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माणों को गिराने काम किया तो ग्रामीण विरोध में उतर आए और अमले को कार्रवाई करने से रोका। इस दौरान जिला नगर योजनाकार अरविंद्र ढुल की कमीज भी फट गई, जिस पर अमला लौटने को मजबूर हो गया।
सदर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट की शिकायत पर जिला नगर योजना के साथ अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं के तहत अज्ञात 30-40 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विधायक प्रतिनिधि के आगे होकर भागे डीटीपी
जिला नगर योजनाकार की टीम जब अवैध निर्माण गिराने लगी तो यहां काफी महिलाएं व पुरुष विरोध पर उतर आए। मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि राजन चिल्लाना ने भी अवैध निर्माण गिराने का विरोध किया। इसके बाद सभी लोग नगर योजनाकार अरविंद्र ढुल की तरफ दौड़ और उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद वह वहां से निकल गए। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि डीटीपी भाग निकले और लोग उनके पीछे भी दौड़े। ढुल ने कहा कि अवैध निर्माण को लेकर उन्होंने पहले ही नोटिस दे दिए थे, लेकिन कुछ लोगों ने विरोध कर दिया।