जींद। नेशनल हाइवे 352-ए पर रास्ते की मांग को लेकर धरना दे रहे चाबरी और भिड़ताना गांव के लोगों ने दिवाली नहीं मनाई। उन्होंने काले कपडे़ पहनकर विरोध जताया। उन्होंने सरकार को चेताया कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो रास्ता जाम करने को मजबूर होंगे।
सोमवार को रोशनी, सुनहरी, मूर्ति, चंदरकली, ओमपति, मेवा, बाली, सुमित्रा, बिमला और अनिता ने अनशन रखा। धरने की अध्यक्षता शीला भिड़ताना ने की। ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने रास्ते की मांग को लेकर प्रशासन व राज्य सरकार के जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन सौंपे, लेकिन उनकी कहीं पर भी सुनवाई नहीं हुई। इसके विरोध में चाबरी और भिड़ताना के किसी भी व्यक्ति ने पंचायत चुनाव में आवेदन नहीं किया। इसके विरोध में अब उन्होंने दिवाली का त्योहार नहीं मनाया। गांव के लोग काले कपडे़ पहनकर धरना पर पहुंचे। सभी महिलाएं काले कपड़े पहनकर और पुरुष काली पट्टी लगाकर धरने पर बैठे और सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सरकार की अनदेखी के कारण दोनों गांव के लोग परेशान हैं लेकिन कोई भी उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इस अवसर पर तपा मेयर आजाद कुंडू, रामरत्न कालवा, राजेंद्र पंडित, विनोद, कृ ष्ण सरपंच, प्रदीप, राजेश व आनंद मौजूद रहे।