ताला लगाकर बिजली घर के बाहर बैठे ग्रामीण। संवाद।
- फोटो : Jind
नरवाना। बिजली किल्लत से परेशान दनौदा गांव के लोगों ने शुक्रवार को सुबह दस बजे बिजली घर के गेट पर ताला जड़ दिया। बिजली घर को ताला लगभग आधा घंटा लगा रहा। इसके बाद एसडीओ के आश्वासन पर ग्रामीण ताला खोलने पर राजी हो गए।
वहीं मामले की सूचना मिलते ही दनौदा चौकी प्रभारी दिलबाग सिंह व बिजली निगम की एसडीओ अतुल रंगा मौके पर पहुंचे। ग्रामीण सत्यवान, अशोक, मनोज, अजय और जस्सी नैन ने बताया कि गांव में पिछले 15 दिन से बिजली सप्लाई बाधित है। बार-बार बिजली के कट लगते हैं, जिससे लोग परेशान हैं। बिजली निगम द्वारा गांव में बिजली का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन निगम के समय अनुसार भी ग्रामीणों को सही प्रकार से नहीं मिल पाती है। अधिकारियों ने लोगों की समस्या का समाधान नहीं किया तो लोगों को मजबूरन बिजली घर को ताला लगाना पड़ा। वहीं बिजली कर्मचारियों का कहना होता है कि गांव में जगमग योजना के तहत चल रहे कार्य को लेकर बिजली के कट लगाने पड़ते हैं। इसलिए गांव के लोगों को समय पर बिजली नहीं मिल पाती है। मौके पर पहुंचे बिजली निगम के एसडीओ अतुल रंगा ने ग्रामीणों की समस्या सुनी और विश्वास दिलाया कि गांव में शेड्यूल के अनुसार ही बिजली दी जाएगी।
वर्जन-
दनौदा गांव के लोगों ने बिजली घर को ताला लगाया गया था। इसके बाद मौके पर जाकर ग्रामीणों का समझाया और बिजली की परेशानी नहीं होने का आश्वासन दिया गया। इस पर लोगों ने ताला खोल दिया।
- अतुल रंगा, एसडीओ बिजली निगम नरवाना