08जेएनडी09: पेयजल व्यवस्था के रखरखाव को लेकर बैठक करते हुए। स्रोत : प्रशासन
जींद। ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल प्रबंधन में ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ेगी। इसके लिए जिले की 245 सिगल विलेज ग्राम पंचायत में योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह बातें जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने उपमंडल अभियंता रणवीर सिंह और नगुरां, चांदपुर सहित विभिन्न गांवों से आए सरपंचों के साथ बातचीत में कही।
रणधीर मताना ने बैठक में योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिंगल विलेज स्कीम के तहत जिन गांवों के निजी ट्यूबवेल या जलघर हैं वहां पेयजल आपूर्ति, लीकेज ठीक करने और उपकरणों की मरम्मत का कार्य अब ग्राम पंचायत के माध्यम से एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए ग्राम पंचायत, ग्राम जल एवं सीवर समिति और जन स्वास्थ्य विभाग के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। उपमंडल अभियंता रणवीर सिंह ने कहा कि इस योजना से पंचायतों को सीधे लाभ होगा और वे अपने स्तर पर गांव की जल व्यवस्था को बेहतर बना सकेंगी। विभाग ने सरपंचों से आह्वान किया है कि वह गांवों में योजना को जल्द लागू करवाएं ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ और नियमित पेयजल मिल सके।