जींद। सरकारी खरीद केंद्रों पर किसानों की मेहनत और अनाज की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों की पोल नगूरां केंद्र पर खुल गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि केंद्र के कर्मचारियों ने वजन बढ़ाने के लिए करीब 1.10 लाख गेहूं के कट्टों पर पानी की टोंटी चलाकर छोड़ी दी ताकि गेहूं को बेचकर अतिरिक्त लाभ उठाया जा सके।
ग्रामीणों ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया। आरोप है कि वीडियो सामने आने के बाद केंद्र के कर्मचारी वीडियो डिलीट करवाने तो कभी एक दूसरे की लापरवाही बताकर बात पर पर्दा डालने का प्रयास करने में जूट गए।
ग्रामीणों ने बताया कि खरीद केंद्र पर लंबे समय से गेहूं के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें मिल रही थीं जिसके बाद उन्होंने निगरानी शुरू की। इसी दौरान सोमवार रात एक कर्मचारी को कथित तौर पर गेहूं के कट्टों पर पानी की बौछारें करते हुए देखा गया। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ग्रामीण राजेश झोरड़ा समेत अन्य लोगों ने अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह मामला केवल लापरवाही का नहीं बल्कि सरकारी खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंका को दर्शाता है। गेहूं को जानबूझकर गीला कर उसका वजन बढ़ाया जाता है। इससे सरकारी खरीद और भंडारण प्रक्रिया में अतिरिक्त लाभ लेने की संभावना बनती है।
उनका कहना है कि किसानों की महीनों की मेहनत से पैदा हुआ अनाज कुछ लोगों के लालच की भेंट चढ़ रहा है। यही गेहूं बाद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब परिवारों तक पहुंचता है। ऐसे में अनाज की गुणवत्ता से खिलवाड़ सीधे तौर पर आम उपभोक्ताओं के हितों पर चोट है।
डायल-112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची
मामले ने तूल पकड़ा तो डायल-112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को खरीद केंद्र पर चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। हालांकि देर रात तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों को सुबह लिखित शिकायत देने की बात कही।
वर्जन
घटना के समय वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। किस कर्मचारी ने गेहूं के स्टॉक पर पानी डाला। इसकी जांच करवाई जाएगी। खरीद केंद्र पर करीब 1.70 लाख गेहूं के कट्टों का स्टॉक है। इनमें से 60 हजार कट्टों का उठान हो चुका है। ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।
-जयदीप, नगूरां वेयरहाउस प्रबंधक
वर्जन
इस घटना के संबंध में अभी तक उनके पास कोई जानकारी नहीं है। यदि मामला संज्ञान में आता है तो वह विभागीय कार्रवाई करेंगे।
-राजेश आर्य, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जींद।
09जेएनडी09: नगूरां खरीद केंद्र पर गेंहू के स्टाक में चलता पानी का नल। ग्रामीण