जींद। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई। शादी समारोहों के कारण सफीदों रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दालमवाला चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई वाहन घंटों जाम में फंसे रहे लेकिन ट्रैफिक पुलिस मौके पर नजर नहीं आई।
सफीदों रोड निवासी दुकानदार सोनू, जयपाल, रफीक आदि ने बताया कि यदि समय रहते ट्रैफिक पुलिस चौक-चौराहों पर तैनात रहे तो जाम की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। दालमवाला चौक जैसे व्यस्त स्थान पर पुलिस की अनुपस्थिति के कारण दोपहिया से लेकर बड़े वाहनों तक सभी धीरे-धीरे रेंगते नजर आए। कई लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए देर तक इंतजार करना पड़ा।
सफीदों रोड पर निजी होटलों के सामने भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। शादी समारोहों में आने वाले वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो गई और आवागमन लगभग ठप हो गया। एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी रास्ता बनाने में मुश्किलें झेलनी पड़ीं जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
शहर में शादी सीजन या अन्य बड़े आयोजनों के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, अस्थायी पार्किंग व्यवस्था और यातायात को एकतरफा करने जैसे उपायों से जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बाक्स
सुनसान चौक-चौराहों पर भी वाहन धीरे चले
शहर के कई सुनसान चौक-चौराहों पर भी वाहन धीरे-धीरे चलते दिखाई दिए, जो ट्रैफिक प्रबंधन की कमी को दर्शाता है। वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके और आमजन को राहत मिल सके।
वर्जन
सभी नाकों पर कर्मचारी तैनात किए गए हैं। हो सकता है दोपहर में कर्मचारी लंच के लिए चले गए होंगे। भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सभी कर्मियों को नाकों पर रहने के अलर्ट किया जाएगा ताकि शहरवासियों को जाम से छुटकारा मिल सके।-शमशेर सिंह, यातायात थाना प्रभारी