संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर थाना पुलिस ने पिस्तौल के बल पर सरसों से भरी ट्राली छीनने, मारपीट और गाली गलौज करने पर एक आढ़ती को नामजद कर नौ अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
खांडा खेड़ी निवासी महिला कृष्णा ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति 29 मई को सरसों लदी ट्रैक्टर ट्राली लेकर मंडी जा रहा था। गांव शादीपुर के पास आढ़ती बीरेंद्र ने नौ अन्य लोगों के साथ मिल कर उसे पिस्तौल के बल पर काबू कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके पति के साथ मारपीट कर सरसों से भरी ट्राली को अपने साथ लेकर उसे दुकान के सामने खाली कर लिया। पुलिस के हस्तक्षेप से ट्राली तो वापस मिल गई लेकिन सरसों की राशि को नहीं लौटाया। शहर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आढ़ती बीरेंद्र को नामजद कर नौ अन्य के खिलाफ छीना झपटी करने, मारपीट करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।