जींद। पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देने के लिए चार घंटे का चालान नहीं फूल भेंट कर विशेष अभियान चलाया गया। इसमें बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना लाईसेंस, तीन यात्री सवारी करने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। उन्हें भविष्य में ऐसी गलती न करने की नसीहत दी।
डीएसपी यातायात रोहताश ढुल ने बताया कि पुलिस द्वारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हिसार मंडल हिसार श्रीकांत जाधव के दिशा-निर्देशों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक यह अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि इन चार घंटों में किसी भी चालक का चालान किए बिना यातायात नियमों के बारे में उन्हें विस्तार से जानकारी दी। गुलाब का फूल देकर उन्हें गलती का अहसास कराया। अधिकांश लोगों ने अपनी गलती स्वीकारी और भविष्य में ऐसा न करने का संकल्प लिया।
ई रिक्शा और ऑटो चालकों से भी कहा गया कि वह सड़क के बीच वाहन रोककर यात्रियों को न बैठाएं। लोगों को हेलमेट लगाने और सीट बेल्ट लगाने बारे समझाया गया। यातायात पुलिस कर्मियों ने शहर में कई स्थानों को चयनित करके करके यह अभियान चलाया था। डीएसपी ने लोगों को चेताया कि यदि वह यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे तो पुलिस भी सख्त कार्रवाई करेगी।
फोटो कैप्शन 14जेएनडी05: सिविल लाइन थाना प्रभारी सोमबीर ढाका लघु सचिवालय में बिना हेलमेट लगाए बाइक चालक को फूल देकर समझाते हुए।