27 जुलाना 01: घायलों को पायलट गाड़ी से अस्पताल भेजते मंत्री कृष्ण पंवार। स्रोत: प्रशासन
जुलाना। जिले में 152-डी पर बुढ़ा खेड़ा लाठर गांव के पास पिकअप और कैंटर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक 25 वर्षीय गजान्न और परिचालक 22 वर्षीय राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने हादसा देखकर अपना काफिला रुकवाया और घायलों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाए। उन्होंने अपने काफिले में शामिल पायलट गाड़ी के माध्यम से दोनों घायलों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार पानीपत जिले के मडलौडा स्थित अपने निवास से चरखी दादरी में आयोजित कबड्डी खेल ट्रायल कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान बुढ़ा खेड़ा लाठर गांव के पास उनकी नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों पर पड़ी।
हादसे में घायल पिकअप चालक और परिचालक राजस्थान के पिलानी के रहने वाले हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जींद के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया।
कैंटर को ओवरटेक करते समय बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि पिकअप अंबाला की ओर से आ रही थी और नारनौल की तरफ जा रही थी। बुढ़ा खेड़ा गांव के पास चालक ने कैंटर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह कैंटर से टकरा गई।
27 जुलाना 01: घायलों को पायलट गाड़ी से अस्पताल भेजते मंत्री कृष्ण पंवार। स्रोत: प्रशासन