11जेएनडी12: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय। संवाद
- फोटो : गुरुगुज पुरवा गांव के पास प्रदर्शन करते ग्रामीण।
जींद। स्कूल छोड़ चुके विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब सरकारी और निजी स्कूलों को विद्यार्थियों का पूरा रिकॉर्ड एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को जिला परियोजना समन्वयक को निर्देश जारी किए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत यदि कोई विद्यार्थी स्कूल छोड़ता है तो उसकी पूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। इसमें छात्र ने पढ़ाई क्यों छोड़ी। वह किसी दूसरे स्कूल में गया या नहीं। वर्तमान स्थिति क्या है और आगे उसने दाखिला लिया है या नहीं जैसी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार हर, साल शैक्षणिक सत्र समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल छोड़ देते हैं। कई छात्र दूसरे विद्यालयों में दाखिला नहीं लेते जिससे उनका रिकॉर्ड ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की संख्या बढ़ती जाती है।
अब यू-डाइस के अंतर्गत स्टूडेंट डाटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए विद्यार्थियों की जानकारी एसआरएन नंबर से जोड़ी जाएगी, जिससे किसी भी छात्र की शैक्षणिक स्थिति आसानी से पता चल सकेगी। निर्देशों के अनुसार जो विद्यार्थी अगली कक्षा में पहुंचे हैं उनके अंक और वर्तमान स्थिति भी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी। वहीं स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों का कारण और उनका अगला ठिकाना दर्ज करना अनिवार्य रहेगा।
सरकारी, निजी विद्यालयों में डेढ़ लाख विद्यार्थी कर रहे अध्ययन
जिले में इस समय 725 सरकारी और करीब 396 निजी विद्यालय संचालित हैं जिनमें डेढ़ लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि कई बार आर्थिक, पारिवारिक या सामाजिक कारणों से विद्यार्थी पढ़ाई बीच में छोड़ देते हैं। अब ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध होने से ऐसे बच्चों को तलाश कर फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
बाक्स
विभाग का उद्देश्य जिले में ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की संख्या को शून्य करना है। विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़कर ही उन्हें बेहतर भविष्य और प्रदेश की प्रगति में भागीदारी का अवसर दिया जा सकता है।
-रितु पंघाल, जिला शिक्षा अधिकारी जींद।