17जेएनडी01: डीसी मोहम्मद इमरान रजा अधिकारियों की बैठक लेते हुए। स्रोत प्रशासन
जींद। लघु सचिवालय में रविवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश में चल रही तैयारियों की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने निर्देश दिए कि प्रगणक अपने क्षेत्र का कार्य पूरा करते ही डाटा को तुरंत पोर्टल पर अपलोड करें ताकि सही प्रगति का आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जिले में लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी तय समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्रगणकों की ओर से किसी भी नागरिक से ओटीपी, बैंक विवरण या कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। मोबाइल ऐप के माध्यम से केवल मकान की स्थिति, परिवार की मूल जानकारी और मूलभूत सुविधाओं का विवरण दर्ज किया जा रहा है।
एकत्रित आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे और इनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण में होगा। प्रगणकों द्वारा दर्ज डाटा पहले सुपरवाइजर और फिर चार्ज ऑफिसर द्वारा सत्यापित किया जाएगा। बैठक में एसडीएम सत्यवान सिंह मान, डीआरओ राजकुमार और डीईओ रितु पंघाल और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।