सफीदों। रामपुरा रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार कार नहरी विभाग कार्यालय में जा घुसी। इस हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
जानकारी के मुताबिक कार रामपुरा रोड पर कोर्ट के सामने स्थित नहरी विभाग के कार्यालय में जा घुसी। इस ओवरस्पीड अनियंत्रित कार ने एक बिजली के खंभे को तोड़ा और उसके बाद कार्यालय की दीवार को भी तोड़ दिया। यह कार दीवार को तोड़ कर इसके साथ बने नाले में जा फंसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए तथा कार के टुकड़े दूर-दूर तक जाकर गिरे। सुबह जब लोग इस मार्ग पर सैर के लिए निकले तो उन्होंने इस घटना को देखा। देखते ही देखते मौके पर काफी लोग जुट गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को अपने कब्जे में लिया। इस कार में कितने लोग सवार थे और उनकी क्या स्थिति है इस बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।