जींद। कंडेला गांव में पशुबाड़े से दो युवकों ने भैंस चोरी कर ली। जब वह भैंस को लेकर जाने लगे तो मालिक के परिजन आ गए। उन्हें देखकर युवक भैंस को छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने दोनों युवकों को पहचान लिया है। युवकों की पहचान कंडेला गांव के ही रहने वाले सूरज और टिंकू के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर सूरज को गिरफ्तार कर लिया है।
कंडेला गांव निवासी सुभाष ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भैंस पालता है। उनको मकान से दूर पशुबाड़े में बांधता है। 21 जून की रात को वह खाना खाकर पशुबाड़े में बने कमरे में सो गया। वह उठा तो उसने देखा कि उसकी एक भैंस गायब है। उसने यह बात परिजनों को बताई। इसके बाद जब वह उसे ढूंढ़ने के लिए निकले तो दालमवाला रोड पर दो युवक भैंस लेकर जाते हुए दिखाई दिए। जब वह उनके पास गए तो दोनों युवक भैंस को छोड़कर भाग गए, लेकिन उन्होंने युवकों को पहचान लिया। जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ भैंस चोरी का मामला दर्ज कर सूरज को गिरफ्तार कर लिया है।