सफीदाें। दो युवकों को अमेरिका भेजने का झांसा देकर स्पेन भेज दिया और 34 लाख रुपये भी ले लिए। पीड़ितों ने बंधक बनाने का भी आरोप लगाया है। सदर थाना सफीदों पुलिस ने गांव धर्मगढ़ निवासी तेजपाल सिंह, साहब सिंह और सुखदेव सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
जीतगढ़ गांव निवासी अमित ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके रिश्तेदार सुमित की मुलाकात सफीदों के धर्मगढ़ गांव निवासी तेजपाल और साहब सिंह के साथ हुई थी। साहब सिंह रोडवेज में ड्राइवर के पद पर नौकरी करता है। तेजपाल और साहब सिंह ने उसके रिश्तेदार सुमित तथा सुमित के दोस्त साहिल को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का झांसा दिया। उन्होंने कहा था कि एक महीने के अंदर वह दोनों को अमेरिका भेज देगा और वहां काम भी दिलवा देगा। इसके लिए उन्हें 17-17 लाख रुपये पहले देने होंगे और बाकी राशि पहुंचने के बाद दे देना। इस पर सुमित और साहिल उनके झांसे में आ गए और उन्होंने 34 लाख रुपये दोनों को गांव धर्मगढ़ में उनके घर जाकर दे दिए। आरोपियों ने सुमित और साहिल को अमेरिका की जगह स्पेन भेज दिया। वहां साहब सिंह का भाई सुखदेव रहता है।
तेजपाल और साहब सिंह ने बताया कि वह सीधे अमेरिका नहीं जा सकते, इसलिए कुछ समय स्पेन में रुकना पड़ेगा। वहीं से दस्तावेज तैयार कर अमेरिका भेजा जाएगा। कुछ दिन तक वह दोनों वहां रहे, इसके बाद आरोपियों ने बकाया पैसों की मांग की। सुमित और साहिल ने कहा कि अमेरिका पहुंचने के बाद बाकी के पैसे देने की बात हुई थी। इस पर वहां तेजपाल के भाई सुखदेव ने साहिल और सुमित को बंधक बना लिया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि बाकी के पैसे नहीं दिए तो सुमित और साहिल को वहीं मरवा देंगे। किसी तरह उनके भाई वापस आ गए और आने के बाद पंचायत की, जिसमें तेजपाल और साहब सिंह ने पैसे देने की हां की लेकिन बाद में मुकर गए। जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले धर्मगढ़ निवासी तेजपाल सिंह, साहब सिंह और सुखदेव सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।