जींद। बैंक ऑफ इंडिया में मिलीभगत कर दो लोगों ने दस लाख की राशि हड़प ली। थाना शहर जींद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। गांधी नगर स्थित बैंक आफ इंडिया के शाखा प्रबंधक विशाल गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फायर ब्रिगेड मार्केट से सत्यवान और नजदीक सोमनाथ मंदिर निवासी कुलदीप ने मिलीभगत कर 9 लाख 90 हजार रुपये का सरकार की ओर से प्रायोजित लोन स्कीम का गलत तरीके से फायदा उठाकर पैसे हड़प लिए। बैंक के अनुसार 28 सितंबर 2023 को सत्यवान ने बैंक ऑफ इंडिया में सरकार की ओर से प्रायोजित लोन स्कीम एमएसएमई मुद्रा लोन के लिए आवेदन दिया। इसमें उसने कुलदीप से मशीन और पेपर खरीदने का आवेदन किया था। बैंक ने सत्यवान का आवेदन स्वीकार कर लिया और उसने कुलदीप से कोटेशन बनाकर बैंक में कागजात जमा करा दिए। इसके बाद बैंक ने सत्यवान का 9 लाख 90 हजार रुपये का लोन पास कर दिया। बैंक ने कुलदीप के खाते में 12 और 17 अक्तूबर 2023 को राशि डाल दी। उसके बाद बैंक ने सत्यवान को मशीनरी खरीदने का बिल देने के बारे में कहा, लेकिन वह आनाकानी करता रहा। बैंक ने 20 जनवरी और 28 मार्च 2024 को पत्र जारी किए गए। इसके बाद भी सत्यवान ने मशीनरी खरीद के बिल बैंक में जमा नहीं कराए। इस पर विशाल गुप्ता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दी। इससे बैंक को दोनों की मिलीभगत की जानकारी मिली। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।