डिफेंस कालोनी की सड़कों पर लगाए गए गेटों को लेकर कालोनी के लोग दो पक्षों में बंट गए हैं। इसमें कालोनी के एक गुट ने रविवार को एसडीएम योगेश कुमार से मिलकर कालोनी के मुख्य द्वार पर गेट पर दिन के समय ताला लगा रहने को गलत ठहराते हुए उन्हें हटवाने की मांग की। लोगों का कहना था कि दिन के समय भी ताला लगा रहने के चलते कालोनी के लोगों को ही भारी दिक्कत हो रही है।
लोगों को अपने घर से निकलने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती है। अगर उनके पास कोई जानकार आता है तो उसे भी घर तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। इसलिए इन गेटों पर दिन में ताला लगने की समस्या से निजात दिलाई जाए।
एसडीएम के आश्वासन पर वह लोग चले गए। इसके थोड़ी ही देर के बाद कालोनी की गलियों में गेट में पक्ष के लोग एसडीएम से मिलने के लिए पहुंच गए।
दूसरे पक्ष ने एसडीएम के सामने तर्क दिया कि कालोनी में लोहे के गेट सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए हैं। कालोनी में गेट लगने से पहले चैन स्नैचिंग और चोरी की वारदात काफी बढ़ गई थी,
लेकिन गेट लगने के बाद इन वारदातों में काफी कमी आई है। गेटों का कुछ लोग बेवजह ही विरोध कर रहे हैं। दोनों पक्षों के पहुंचने के बाद एसडीएम योगेश कुमार ने आश्वासन दिया सोमवार को कालोनी का दौरा करेंगे।
दौरा करने के बाद कालोनी के लोगों की मौके पर ही समस्या को सुना जाएगा। दिन के समय गेटों पर ताला लगने से लोगों को दिक्कत आती है। इसलिए उसका समाधान निकाला जाएगा।
हुडा ने दिन में लगे गेटों के खुलवाए थे ताले
दिन के समय भी गली के गेटों पर ताला लगने की शिकायत कालोनी के लोगों ने पिछले कई दिनों से हुडा को की थी। इस पर हुडा के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दिन के समय गेटों पर लगे तालों को खुलवाया दिया। इस दौरान निर्देश दिए कि दिन के समय गेटों से ताले खोल दिए जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए। गेटों पर रात के समय ही ताले लगाए जाए। उस समय तो कालोनी के गेटों के ताले खुल गए, लेकिन फिर से दिन के समय ताले लगे रहने लगे।
विरोध में दोनों ही पक्ष के लोग एसडीएम से मिले हैं।
एसडीएम योगेश कुमार ने बताया कि डिफेंस कालोनी के लोग आज उनसे मिले हैं। सोमवार को मौका देखा जाए। जो भी उचित होगा उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ।