जींद। जिले में डेंगू संक्रमण के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के दो नए संक्रमित मामलों की पुष्टि की। घोघड़िया की 21 वर्षीय युवती और विकास नगर का 10 वर्षीय बच्चा संक्रमित मिला है। अब डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
एक सप्ताह पहले जिले के एक गांव में 45 वर्षीय महिला में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर व पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने और मच्छरों से बचाव के लिए उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। संक्रमित मरीजों के परिजनों की जांच के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फोगिंग करवाने की भी तैयारी है।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ी परेशानी
शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पहले से ही सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने के साथ मुख्य सड़कों और गलियों में भी कचरा फैला हुआ है। नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठने के कारण मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में डेंगू के साथ मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
वर्जन
जिले में डेंगू संक्रमण के दो नए मामले मिले हैं। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। संक्रमित मरीजों के परिवार के सदस्यों की भी जांच करवाई जाएगी। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में फोगिंग करवाकर संक्रमण को फैलने से रोकने के प्रयास किए जाएंगे। बिजेंद्र ढांडा, नोडल अधिकारी मलेरिया।