संवाद न्यूज एजेंसी
जींद/उचाना। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक करवाने के लिए लोग धक्के खा रहे हैं। शनिवार को नगर परिषद जींद, उचाना, नरवाना व जुलाना में प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक करने के लिए विभाग की ओर से शिविर लगाए गए थे। जिले भर में 200 लोगों ने प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक करने के लिए आवेदन किया था जिनमें 170 मामलों का समाधान किया गया। बाकी आवेदनों का भी जल्द समाधान किया जाएगा। रविवार को भी यह शिविर लगाए जाएंगे।
नगर परिषद कार्यालय जींद में कुल 69 शिकायतें दर्ज करवाई गई। इसमें से 65 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि चार का भी जल्द ही समाधान हो जाएगा। इनमें काफी शिकायतें प्लाट व मकान का साइज कम होने की शिकायतें रहीं। इसके अलावा कुछ में प्लाट धारक का नाम व मोबाइल नंबर भी गलत थे। उचाना में भी 44 से ज्यादा लोगों के प्रॉपर्टी आईडी की समस्याओं के आवेदन आए। 25 आईडी अपडेट की गई। नगर पालिका में हाउस टैक्स इंचार्ज सुदेश ने बताया कि शनिवार को 44 आवेदन स्वीकारे गए, 25 आईडी अपडेट की गई। जुलाना में 35 तथा नरवाना में 52 लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई। जुलाना में 31 तथा नरवाना में 47 आईडी ठीक की गई। सुबह नौ बजे से पांच बजे तक चलने वाले इस कैंप के लिए दस्तावेज जमा करवाने तक अलग-अलग कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शिविर में जिन लोगों की प्रॉपर्टी आईडी गलत हो गई, उनको सुधारने का मौका दिया गया है। जो लोग कैंप में शिकायत लेकर पहुंचे उनकी समस्या का समाधान किया गया जा रहा है।
बाक्स
प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटी दूर करवाने का आज अंतिम दिन
नगर परिषद जींद, नरवाना, नगर पालिका उचाना में प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटी दूर करने रविवार को भी शिविर लगाए जाएंगे। इसमें लोगों से ऑफलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके बाद कर्मचारी त्रुटि दूर कर रहे हैं। पहले लोगों को यह आवेदन ऑनलाइन सीएससी से करने पड़ते थे। नगरायुक्त सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रोपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक करने के लिए पहले दिन काफी लोग पहुंचे। रविवार को भी प्रोपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक की जाएंगी।