नरवाना। हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बद्दोवाल गांव में एक ट्रक-ट्रॉले की टक्कर से बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। इसके कारण बद्दोवाल गांव में मातम छाया रहा। दो युवकों की मौत होने के कारण टोल पर किसान धरना भी स्थगित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बद्दोवाल गांव निवासी जगदीप व रणदीप अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत से अपने घर जा रहे थे कि गांव के राजकीय स्कूल के पास एक ट्रॉला चालक ने लापरवाही व तेजगति से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल टक्कर मार दी। जिससे दोनों नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दुर्घटना के बाद चालक ट्रॉले को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। दोनों घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जगदीप को मृत घोषित कर दिया और रणदीप की गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन अग्रोहा ले जाते समय रास्ते में ही रणदीप ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का नागरिक अस्पताल नरवाना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई राकेश की शिकायत पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक ही झटके में चली गई दो परिवारों की खुशियां
ग्रामीणों के अनुसार 32 वर्षीय जगदीप व 30 वर्षीय रणदीप दोनों गहरे दोस्त थे। अक्सर दोनों साथ रहते थे। शुक्रवार रात को भी दोनों खेत में पानी लगाकर रात करीब साढ़े 12 बजे वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि जगदीप की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी करीब आठ माह की गर्भवती है। मृतक जगदीप के पिता खेतीबाड़ी करते हैं। जगदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वहीं 30 वर्षीय रणदीप को तीन दिन पहले ही बेटी हुई है। रणदीप की एक बहन है और वह भी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। रणदीप के पिता ट्रक चलाते हैं।
मृतक जगदीप- फोटो : Jind