संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। सीआईए स्टाफ नरवाना ने कैंटर को काबू कर उसमें से तीन क्विंटल 20 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। डोडा पोस्त को प्याज के ढेर में छिपा कर देवास (मध्यप्रदेश) से गांव दनौदा कलां लाया जा रहा था। पुलिस ने कैंटर चालक तथा क्लीनर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को डोडा पोस्त मंगवाने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी हुई है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस छापा मार रही है।
सीआईए स्टाफ नरवाना को वीरवार रात सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से प्याज से भरे कैंटर से डोडा पोस्त को तस्करी कर नरवाना की तरफ लाया जा रहा है, जिसे गांव दनौदा में ले जाया जा रहा है। सूचना पर सीआईए स्टाफ ने बद्दोवाल टोल प्लाजा पर आने वाले वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ समय के बाद पुलिसकर्मियों ने एमपी नंबर के कैंटर को रुकवाया और जांच की तो उसमें प्याज भरा गया था। जब प्याज के कट्टों को हटाया गया तो उसमें 16 कट्टे डोडा पोस्त के भरे पाए गए, जिनका वजन तीन क्विंटल 20 किलोग्राम पाया गया। कैंटर चालक की पहचान जिला देवास मध्यप्रदेश निवासी आरिफ शेख तथा क्लीनर की पहचान नाइफ शेख के रूप में हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक व्यक्ति कैंटर को प्याज लेने के लिए लेकर गया था। सात जून को उन्हें लोड कैंटर मिल गया जिसकी आपूर्ति गांव दनौदा में करनी थी। सप्लाई देने से पहले पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। पुलिस की पूछताछ में गांव दनौदा कलां के दो लोगों के नाम भी सामने आए हैं जिनके पास डोडा पोस्त सप्लाई की जानी थी। पुलिस को एमपी में नशा का कारोबार करने वाले लोगों का भी सुराग लगा है।
वर्जन
सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ नरवाना ने तीन क्विंटल 20 किलो डोडा पोस्त के साथ दो सप्लायरों को काबू किया गया है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों लोगों के अलावा कुछ अन्य के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-सुमित कुमार, एसपी