आरोपी द्वारा सतीश जैन को भेजा गया व्हाट्सअप मैसेज।
- फोटो : Jind
सफीदों मंडी के एक व्यापारी से दो करोड़ रुपये की चौथ मांगी गई। इसमें सबसे अहम बात यह है कि चौथ व्हाट्सअप मैसेज द्वारा विदेश के नंबर से मांगी गई है। इस संबंध में व्यापारी ने सफीदों पुलिस में शिकायत दे दी है।
सफीदों पुलिस को दी शिकायत में सफीदों मंडी की कच्चा आढ़ती फर्म चिरंजीलाल बनारसी दास के मालिक सतीश जैन ने कहा कि उसके मोबाइल पर 20 मई की रात सवा दो बजे कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि मैं जोगिंद्र ग्योंग बोल रहा हूं। इस पर मैंने फोन काट दिया। उसके बाद फिर उसकी कॉल आई, लेकिन फोन नहीं उठाया। रात पौने तीन बजे उसके व्हाट्सएप पर किसी विदेशी नंबर से संदेश आया, जिसमें दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
व्हाट्सअप मैसेज में धमकी देने वाले ने लिखा है कि ‘जब शांति के सभी प्रयास विफल हो जाएं तो तलवार को उठाना पवित्र व न्यायकारी है। सतीश जैन बात न करना और फोन काटना भी एक गलती है। यह गलती तूने कर दी है अब और ना कर। तेरी दिल्ली से लेकर सफीदों तक की सारी जन्मकुंडली मेरे पास है। ज्यादा चालाक ना बन और मेरे रेंज से बाहर नहीं है तू। तेरे से दो करोड़ रुपये चाहिए, नहीं तो तू नहीं रहेगा और अपनी बर्बादी अपनी आंखों के सामने देखेगा। चोट वहां करूंगा, जहां सबसे ज्यादा दर्द होगा’। व्हाट्सएप पर आए मैसेज, फोटो व नंबर को शिकायतकर्ता ने पुलिस को सौंप दिया है। सफीदों पुलिस ने सतीश जैन की शिकायत पर धारा 387 व 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि आढ़ती सतीश जैन से फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। सतीश की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। इसके साथ-साथ आढ़ती को सुरक्षा भी मुहैया करवा दी गई है। पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं।