संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। धमतान साहिब में कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। गढ़ी थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ढाबी टेकसिंह निवासी सन्नी ने पुलिस एफआईआर में बताया कि 30 नवंबर की सुबह वह और उनका दोस्त अजय बाइक से किसी कार्य से धमतान साहिब आ रहे थे। जब वह धमतान साहिब पहुंचे तो एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह दोनों सड़क पर जा गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना को अंजाम देकर अज्ञात चालक कार लेकर मौके से भाग गया। राहगीरों ने उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।