03जेएनडी03-पुलिस गिरफ्त में अवैध पिस्तौल के साथ पकड़ा गया आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। सीआईए नरवाना की टीम ने अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को दो अवैध पिस्तौल और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में चमेला कॉलोनी नरवाना निवासी अमन उर्फ मनी और भाणा ब्राह्मण निवासी गोल्डी उर्फ शूटर शामिल हैं। सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए स्टॉफ नरवाना के इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि उनकी टीम सिपाही रणधीर सिंह के नेतृत्व में अपराधों की रोकथाम के लिए वीरवार को मेला मंडी के नजदीक मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि चमेला कॉलोनी निवासी अमन अवैध असलहा रखता है। असलहा असला लेकर कहीं बाहर जाने की फिराक में देवीलाल स्कूल के नजदीक खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तो वहां एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 315 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। उसको खोलकर चेक किया तो तीन कारतूस लोड मिले। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में सीआईए की टीम भाणा ब्राह्मण के बस अड्डा पर मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि भाणा ब्राह्मण निवासी गोल्डी कोलेखा रोड पर पुराना ईंट भट्ठा के नजदीक अवैध असलहा लिए खड़ा है। सीआईए टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गोल्डी को पकड़ लिया। उसके पास से 315 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। उसको खोलकर चेक करने पर दो कारतूस लोड मिले।