उचाना। गांव की चौपाल में दोस्तों के साथ दिवाली मनाकर घर लौट रहे युवक को गोली मारने के आरोप में उचाना थाना पुलिस ने गांव के ही 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में उचाना कलां निवासी सुमित ने कहा कि उनका छोटा भाई साहिल उर्फ गोल्डी 31 अक्तूबर को गांव की चौपाल में दोस्तों के साथ गया हुआ था। जब उनका भाई साहिल दोस्तों के साथ दिवाली मनाकर घर आने लगा तो उनके भाई का रास्ता रोककर सचिन उर्फ सुखा, सोमबीर उर्फ काडू, रोहित, सागर, कर्ण उर्फ कान्नू, मनीष उर्फ जहाज व नीरज ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब साहिल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचाव के लिए उसके भाई ने भागने का प्रयास किया तो रोहित, सागर व कर्ण ने उसे पकड़ लिया और सचिन उर्फ सुखा ने पिस्तौल से गोली मार दी। गोली उसके भाई के सिर में लगी। गोली की आवाज सुनकर वह व उसके परिवार के सदस्य मौके पर आ गए। आरोपी परिजनों को आता देख फरार हो गए। घायल साहिल को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। एसआई चंद्रपाल ने कहा कि सुमित की शिकायत पर सात लोगों को नामजद कर सचिन और सोमवीर को गिरफ्तार कर लिया है।