संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिला पुलिस ने दो स्थानों से दो युवकों को दो अवैध पिस्तौल और एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सिंधवीखेड़ा गांव निवासी महेंद्र उर्फ संजू और मलिकपुर निवासी प्रगट उर्फ पग्गी के तौर पर हुई है।
सीआईए की टीम शनिवार देर शाम पटियाला चौक मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि सिंधवीखेड़ा गांव निवासी महेंद्र उर्फ संजू अवैध पिस्तौल के साथ कहीं जाने के लिए पटियाला चौक से हांसी रोड फ्लाईओवर पार कर रजवाहा के पास खड़ा है। पुलिस तुरंत रजबाहा के पास पहुंची। वहां खड़े युवक को पकड़ कर जब तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल मिला। उसमें एक कारतूस लोड मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पता सिंधवीखेड़ा गांव निवासी महेंद्र उर्फ संजू बताया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं सीआईए सफीदों की टीम शनिवार देर शाम रोहड गांव के पास मौजूद थी। उन्हें सूचना मिली कि मलिकपुर में फिरनी पर एक युवक पिस्तौल लिए खड़ा है। पुलिस ने मलिकपुर पहुंचकर वहां खड़े युवक को काबू कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी की पहचान मलिकपुर निवासी प्रगट उर्फ पग्गी के तौर पर हुई। सफीदों पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।