वर्ष 2016 में नोटबंदी के दौरान 19 लाख 26 हजार रुपये हड़पने के मामले में सदर पुलिस ने घसो कलां गांव के कश्मीर और ढाबी टेकसिंह निवासी कृष्ण उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
गुरुग्राम के बादशाहपुर निवासी शान मोहम्मद ने 28 नवंबर 2018 को सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि नोटबंदी के समय रुपये बदलवाने के लिए उसने कश्मीर को पैसे दिए थे। यह पैसे उसने अपने दो दोस्तों मोनू डाबर से 14 लाख 76 हजार रुपये और उसके एक अन्य दोस्त से चार लाख 50 हजार रुपये लिए थे। आरोप है कि कश्मीर ने रुपये वापस नहीं दिए। उन्होंने आईजी हिसार मंडल को शिकायत दी थी। इसमें यह केस थाना नारनौंद से बदलकर जिला जींद में देने को कहा था। उसके बाद जींद सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में कश्मीर को नामजद करते हुए अन्य दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच अधिकारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में घसो कलां गांव के कश्मीर को गिरफ्तार पूछताछ के लिए किया था। इसमें मुख्य आरोपी अमरीश का नाम सामने आया है। अमरीश ने ही शान मोहम्मद को पैसे बदलवाने के लिए कश्मीर से मिलवाया था। कश्मीर को अमरीश ने 80 हजार रुपये कमीशन का लालच देकर पैसे बदलने वाला बनने की बात कही थी। इस पर अमरीश ने ही उनसे पैसे लिए और बाद में देने से मना कर दिया। अमरीश फिलहाल पुलिस की पहुंच में नहीं आया है। इसके अलावा पुलिस ने पूछताछ के लिए कश्मीर के साथी ढाबी टेक सिंह निवासी कृष्ण उर्फ काला को भी जांच में शामिल किया था।