जींद। शहर के पटियाला चौक क्षेत्र में दो नाबालिग बहनों के घर के आगे से अपहरण कर छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने पटेल नगर निवासी ललित और हरी हन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस तीसरे अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
पटियाला चौक क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने एफआईआर में बताया था कि 19 अक्तूबर सुबह उनकी 12 और 14 वर्षीय बेटी घर से किसी कार्य के लिए निकली थी। इस दौरान हरी हन्नी, बादल और ललित ने दोनों बेटियों को बहला-फुसलाकर उनका अपहरण कर लिया।
आरोप है कि तीनों युवक बच्चियों को गाड़ी में बैठाकर कहीं ले गए जहां उनके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की गईं। महिला थाना पुलिस ने मामले में तीन युवकों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज जांच शुरू कर दी थी।
थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ललित और हरी हन्नी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है वहीं तीसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है।