जींद। हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर यात्रियों में उत्साह बना हुआ है। रेलवे स्टेशन पर लोग ट्रेन के साथ सेल्फी लेते और रील बनाते नजर आ रहे हैं। शनिवार को 20 यात्रियों ने हाइड्रोजन ट्रेन में सफर किया।
शकूरबस्ती में मेंटेनेंस के बाद हाइड्रोजन ट्रेन शुक्रवार रात जींद जंक्शन पहुंची और शनिवार सुबह अपने निर्धारित समय 7:40 बजे सोनीपत के लिए रवाना हुई। नियमित संचालन शुरू होने के बाद अब ट्रेन का परिचालन प्लेटफॉर्म नंबर तीन से किया जा रहा है। इससे पहले पिछले सप्ताह यह प्लेटफॉर्म नंबर एक से संचालित हो रही थी।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद जंक्शन से हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उद्घाटन के अवसर पर 200 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने यात्रा की थी। इसके बाद 18 जुलाई को ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए शकूरबस्ती भेजा गया था।
रेलवे के शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर जींद सिटी, पांडू पिंडारा, गोहाना सहित अन्य स्टेशनों से होते हुए करीब 89 किलोमीटर की दूरी दो घंटे में तय कर सुबह 9:40 बजे सोनीपत पहुंचती है। वहां एक घंटे ठहराव के बाद ट्रेन 10:40 बजे वापस रवाना होकर दोपहर एक बजे जींद लौटती है।
अब तक 241 यात्रियों ने किया सफर
18 से 25 जुलाई के बीच हाइड्रोजन ट्रेन में कुल 241 यात्रियों ने ट्रेन में सफर किया है। इस अवधि में 18 जुलाई को 22, 19 जुलाई को 25, 20 जुलाई को 30, 21 जुलाई को 32, 22 जुलाई को 37, 23 जुलाई को 42, 24 जुलाई को 35 और 25 जुलाई को 20 यात्रियों ने यात्रा की। सफर के दौरान यात्रियों ने ट्रेन की सुविधाओं, आरामदायक सफर और आधुनिक तकनीक की सराहना की।