जींद। गोहाना रोड स्थित ललितखेड़ा गांव के पास रविवार रात टोल प्लाजा के सिक्योरिटी गार्डों की बाइक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। सदर थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद चालक ने ट्रक को तेज गति से ट्रक दौड़ाया, जिससे बाइक नीचे फंस गई। करीब एक किलोमीटर दूर बाइक मिली है।
भिड़ताना गांव निवासी राजेश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गोहाना रोड पर ललितखेड़ा के पास टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। रविवार रात नौ बजे के करीब वह गांव के बलवान के साथ बाइक पर ड्यूटी पर जा रहे थे। टोल के नजदीक गोहाना रोड पर पहुंचे तो ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों घायल हो गए। बाइक ट्राले के नीचे फंस गई, जिसे घसीटते हुए ट्रक काफी दूर तक ले गया। आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया,, जहां चिकित्सकों ने 50 वर्षीय बलवान को मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी एसआई रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।