टेल तक पानी नहीं पहुंचने पर जींद-भिवानी रोड पर जाम लगाकर बैठे किसान।
- फोटो : Jind
माइनर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने से नाराज ईगराह गांव किसानों ने बुधवार को जींद-भिवानी रोड पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक लगाए गए जाम की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को टेल तक पानी पहुंचाने के लिए नहरी विभाग के एसई से बात करवाई। जाम सुबह नौ से दस बजे तक लगाया गया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया और जाम को खुलवाया।
किसानों ने कहा कि इस समय धान की फसल पककर तैयार हो रही है। इस समय नहर में पानी नहीं आने से फसल बर्बाद होने की कगार पर है। तीन दिन पहले नहरों में पानी आया है। अब किसानों को पानी की पहले से अधिक जरूरत है। पानी की ज्यादा जरूरत होने के कारण टेल से पहले के किसान पानी चोरी कर रहे हैं। इसके कारण टेल तक पूरा पानी नहीं पहुंच पाता। इसके किसानों को पकी हुई धान की फसल खराब होने का डर बना हुआ है। इन किसानों ने पीछे माइनर में होने वाली पानी की चोरी रोकने की मांग को लेकर जाम लगाया है। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने एक घंटे तक किसानों को समझाया, लेकिन वे टेल तक पानी पहुंचाने की मांग को लेकर अड़े रहे। इसके बाद थाना प्रभारी ने किसानों की बात नहरी विभाग के एसई से करवाई। एसई एमआर गर्ग ने माइनर में ज्यादा पानी छोड़ने और चोरी करने वाले किसानों को रोकने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम खोला।