जुलाना। क्षेत्र के बुढाखेड़ा लाठर स्थित टीएस भट्ठा कंपनी में काम करने वाली एक महिला ने दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के समस्तीपुर जिले के चेक हुसैन गांव निवासी शिबु पासवान ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है और उसके तीन बच्चे हैं। उसकी बड़ी बेटी रानी देवी की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले समस्तीपुर के पतैली गांव निवासी पंकज पासवान के साथ हुई थी।
शिबु पासवान ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसका दामाद पंकज पासवान उसकी बेटी रानी देवी के साथ मारपीट करता था और उसे दहेज न लाने के ताने देता था। उसने अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च कर बेटी की शादी की थी लेकिन पंकज पासवान बार-बार 70 हजार रुपये नकद लाने की मांग कर रानी देवी को परेशान करता था।
कुछ दिन पहले भी रानी देवी ने फोन कर बताया था कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है और पैसे लाने के लिए दबाव बनाता है। शिबु पासवान ने बताया कि 4 मार्च को उसे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उसकी बेटी रानी देवी ने फंदा लगा लिया है।