जींद। दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोहाना कैंची मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से ट्रॉली पलटने पर उसके नीचे दबने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उझाना निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने गांव से ट्रॉली में धान भरकर नरवाना मंडी में बेचने के लिए आ रहा था। टोहाना कैंची मोड़ पर उसकी ट्रॉली का हुक टूट गया। इसके बाद उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी कर दी। उसने बताया कि उसके गांव के शमशेर चहल का पास में ही ईंट भट्ठे का कार्यालय है तो उसका रसोइया नेपाल वासी 27 वर्षीय केशव यह पूछने के लिए आया कि ट्रैक्टर में कोई खराबी तो नहीं है। जब वह आपस मेें बात कर रहे थे, तो पीछे से एक ट्रक आया और ट्रॉली में टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रॉली केशव के ऊपर पलट गई। घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।