09जेएनडी04: तिरंगा यात्रा के दौरान डीसी डॉ. वैशाली शर्मा व अन्य प्रशासनिक अधिकारी हाथों में ति
जींद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का रविवार को भव्य आगाज हुआ। रानी तालाब से शहीदी स्मारक तक निकाली गई तिरंगा पैदल यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाग लिया।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगे के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती तिरंगा यात्रा का आमजन ने भी उत्साह के साथ स्वागत किया। यात्रा शहीदी स्मारक पहुंचीं, जहां शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, जिला खेल अधिकारी रामपाल, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी देवी और प्राचार्य सत्यवान मलिक मौजूद रहे।
राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है : डीसी
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना व्यक्त करने का अवसर है। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेषकर युवा पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है। यात्रा में युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की बड़ी भागीदारी लोगों की देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति जागरूकता को दर्शाती है।