जींद। 27 से 29 जून तक पंचकूला में होने वाली राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का जिला स्तर पर चयन किया जाएगा। इसमें महिला और पुरुष के अलग-अलग 10 किलोभार वर्ग की कैटेगरी में जिले से कुल 20 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। यह स्पर्धा सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता है। प्रदेशभर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 440 खिलाड़ी भाग लेंगे।
महिला व पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और दो तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमश : पांच हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये नकद इनाम दिया जाना है। ऐसे में खेल विभाग ने प्रदेश के सभी जिला खेल अधिकारियों को 26 जून तक खिलाड़ियों का चयन कर पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भेजने के निर्देश दिए हैं।
जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने बताया कि जिला स्तर पर जिन खिलाड़ियों का ट्रायल के आधार पर चयन होगा, वह खिलाड़ी राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में राज्य में स्थापित विभागीय प्रशिक्षकों के केंद्र, निजी प्रशिक्षण केंद्र, शिक्षण संस्था और कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने जिले से संबंधित दस्तावेज दिखाने होंगे।
इन भार वर्ग में होगा खिलाड़ियों का चयन
सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग कैटेगरी से खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसमें 45 से 48, 51 किलो, 54 किलो, 57 किलो, 60 किलो, 65 किलो, 70 किलो, 75 किलो, 80 किलो और 80 से ज्यादा किलोभार वर्ग में खिलाड़ियों का चयन होगा। इसी प्रकार सीनियर पुरुष वर्ग में 47 से 50 किलो, 55 किलो, 60 किलो, 65 किलो, 70 किलो, 75 किलो, 80 किलो, 85 किलो, 90 किलो और 90 किलो से ज्यादा भार वर्ग में खिलाड़ियों का चयन किया जाना है।