03जेएनडी02: राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सफीदों खेल मैदान। संवाद
जींद। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सफीदों में पांच अप्रैल को खेल मैदान में एथलेटिक्स खेल नर्सरी के लिए चयन ट्रायल होगा। यह ट्रायल शाम चार बजे शुरू होंगे। इसमें क्षेत्र का कोई भी खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर सकता है।
कोच प्रमोद ने बताया कि हरियाणा सरकार की खेल नर्सरी योजना के तहत सुनहरा अवसर है। योजना का मुख्य लक्ष्य जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना है। ट्रायल के माध्यम से चयनित होने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से मासिक डाइट भत्ता दिया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों को आयु के अनुसार वित्तीय लाभ मिलेगा। आठ से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 प्रति माह, 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों 2000 प्रति माह दिए जाएंगे। यह राशि सीधे खिलाड़ियों के बैंक खाते में आएगी ताकि वे अपनी डाइट और खेल सामग्री का प्रबंधन बेहतर ढंग से कर सकें।
ट्रायल में भाग लेने वाले बच्चों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाना अनिवार्य है। इनमें फैमिली आईडी, आधार कार्ड, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, जन्म प्रमाण पत्र शामिल हैं। कोच शर्मा ने अपील की है कि खेल में रुचि रखने वाले खिलाड़ी समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं ताकि वे भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।