जींद। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2026 के लिए जिले के खिलाड़ियों का चयन करने के उद्देश्य से 21 अक्तूबर को सात खेलों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने बताया कि इन ट्रायल में पुरुष और महिला खिलाड़ी ओपन वर्ग में भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि पर संबंधित खेल स्थल पर पहुंचना होगा।
बैडमिंटन, फेंसिंग, कराटे, बेसबॉल, टेनिस, नेटबॉल और खो-खो के लिए ट्रायल होंगे। बैडमिंटन, कराटे और बेसबॉल के ट्रायल अर्जुन स्टेडियम जींद में आयोजित किए जाएंगे। फेंसिंग के लिए इंडस पब्लिक स्कूल जींद और टेनिस के लिए डीसी कॉलोनी जींद में खिलाड़ियों का चयन होगा।
नेटबॉल के ट्रायल राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय निदानी में होंगे, जबकि खो-खो के लिए गांव हथवाला में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे अपने खेल से संबंधित निर्धारित स्थान पर समय से पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लें। इन ट्रायल के माध्यम से राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।