जींद। सांझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य आजाद सिंह गिल और संदीप रंगा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि चंडीगढ़ में परिवहन मंत्री और आला अधिकारियों के साथ हुई हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा की बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण रही। सांझा मोर्चा की 33 मांगों पर सरकार के आश्वासन पर 12 मार्च को होने वाले परिवहन मंत्री के घेराव को स्थगित कर दिया है।
सरकार ने सांझा मोर्चा तथा रोडवेज कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को माना जाएगा और जल्द उन पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सरकार ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों को किसी भी प्रकार से शोषित नहीं होने दिया जाएगा और और रोडवेज बेड़े को बढ़ाया जाएगा। इसी की वजह से आंदोलन की ओर अग्रसर थे लेकिन बैठक के बाद सांझा मोर्चा रोडवेज कर्मचारियों को सरकार पर पूरा भरोसा है। सरकार ने वायदा किया है कि कर्मचारियों की समस्याओं को जल्द सुलझाया जाएगा और उनकी मांगों को लागू किया जाएगा। सांझा मोर्चा के 33 सूत्रीय कार्यक्रम में रोडवेज के सभी कैटेगरी ड्राइवर, कंडक्टर, क्लर्क और वर्कशॉप सभी से संबंधित बातों को रखा गया। मुख्य तौर पर कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन मामला, कंडक्टर पे स्केल बढ़ाने, वर्कशॉप कंडक्टर और ड्राइवर की वेतन विसंगतियां दूर करने समेत अन्य मांगों पर खुलकर बातचीत हुई।