जींद। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये हड़पने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी तथा अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
सीवन (कैथल) निवासी कृष्णलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में उसका संपर्क गांव बनवासा (सोनीपत) निवासी विशाल सैनी तथा उसके जीजा दीपक के साथ हुआ था। दोनों ने सरकार में अच्छी जान पहचान होने का दावा करते हुए उसकी सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। उसने उनकी बातों में आकर अपने बेटे दिनेश को सरकारी नौकरी लगवाने के लिए कहा। सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर दोनों ने उससे छह लाख रुपये मांगे। उसने एक जून 2022 को तीन लाख रुपये दे दिए गए लेकिन उसके बेटे का चयन नहीं हुआ। जब उसने राशि वापस मांगी तो कुछ दिन इंतजार करने के लिए कहा गया। जिसके बाद उसने दोनों पर दबाव बनाया तो पारिवारिक तौर पर गांव बनियाखेड़ा में दोनों पक्ष मामले को लेकर इकट्ठे हुए थे। जहां पर दोनों ने राशि लौटाने से साफ मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी राममेहर ने बताया कि गुहला कैथल थाने से जीरो एफआईआर मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने कृष्णलाल कि शिकायत पर विशाल तथा उसके जीजा दीपक के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।