जींद। दीपावली और छठ पर्व अक्तूबर में हैं लेकिन ट्रेनों की सारी सीटें सितंबर में ही फुल हो गईं हैं। हालात यह है कि लोग ट्रेनों में टिकट न मिलने से वैकल्पिक व्यवस्था में जुटे हैं। किसी भी ट्रेन में स्लीपर बोगी में अक्तूबर माह तक सीट खाली नहीं है। ऐसे में त्योहार पर उन यात्रियों को सफर में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा जिनकी बुकिंग कंफर्म नहीं है।
दीपावली और छठ त्योहारों की भीड़ ट्रेनों में दिखने लगी है। अभी से ट्रेनों में रिजर्वेशन टिकट बुकिंग फुल हो चुकी है। जींद से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनों में टिकट बुक नहीं हो रही है। सीट फुल होने से प्रवासी यात्री सबसे ज्यादा परेशान हैं।
अक्तूबर में दीपावली और छठ दो बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। इस बार दिवाली 20 अक्तूबर को मनाई जाएगी। हजारों लोग रोजी-रोटी के तलाश में उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े शहरों से जींद में नौकरी करके अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं।
ऐसे में त्योहार के समय में सभी प्रवासी अपने परिवार के साथ ही त्योहार को मनाने चाहते हैं। ट्रेन में सीट नहीं मिलने से लोग अन्य व्यवस्थाओं से घर आने की तैयारी में हैं। जिले से होते हुए संचालित होने वाली दिल्ली, यूपी, बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में 31 अक्तूबर तक स्लीपर और थर्ड एसी में जगह नहीं है जबकि सेकंड एसी में लंबी वेटिंग है। ऐसे में यात्रियों को स्पेशल ट्रेन चलने की उम्मीद है तभी कुछ मुश्किलें कम हो सकती हैं।
अंडमान एक्सप्रेस में नहीं स्लीपर और थर्ड एसी में सीट
ट्रेन नंबर 16031 अंडमान एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी में सीट नहीं है। वहीं सेकंड एसी में छह की वेटिंग चल रही है। ट्रेन नंबर 16317 हिमसागर एक्सप्रेस में स्लीपर व थर्ड एसी में भी यात्रियों काे टिकट नहीं मिल पा रही है। ट्रेन नंबर 15910 अवध-आसाम एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी में सीट नहीं है। वहीं ट्रेन नंबर 12138 पंजाब मेल एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर में 26 और थर्ड एसी में 20 की वेटिंग चल रही है। साथ ही ट्रेन नंबर 20424 पातालकोट एक्सप्रेस में स्लीपर में 46 और थ्री एसी में 38 की वेटिंग है।
काउंटर पर नहीं मिल रहे कंफर्म टिकट
रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग काउंटर पर सितंबर के अंतिम दो सप्ताह और अक्तूबर में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। त्योहारी सीजन पर बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।
नवरात्र पर वैष्णो देवी के लिए चलाई जाए स्पेशल ट्रेन
माता के दर्शन करने के लिए नवरात्रों पर वैष्णो देवी काफी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं। जींद से वैष्णो देवी के लिए एकमात्र ट्रेन है जो रात के समय जाती है। उस ट्रेन में जींद से काफी श्रद्धालु जाते हैं। श्रद्धालु, रमेश, सुरेश, अनिल, रोहन, सुमित का कहना है कि यदि वैष्णो देवी जाने के लिए दिन के समय ट्रेन की सुविधा मिल जात तो श्रद्धालुओं को काफी फायदा मिल सकता है।
-
हर साल त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है। इससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यदि रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी तो यात्रियों को राहत मिलेगी।
-सुनील कुमार, वाणिज्यक अधिकारी, रेलवे जंक्शन जींद।