संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नववर्ष के साथ ही एक से 15 जनवरी तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित होने के बाद जींद से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। छुट्टियों में बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों के साथ धार्मिक व पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। जींद से जम्मू-कटरा और पंजाब की ओर जाने वाली अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं और कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।
विशेष रूप से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक है। ट्रेन नंबर 11449 जबलपुर श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में स्लीपर और थ्री एसी दोनों श्रेणियों में वेटिंग बंद हो चुकी है।
इसी तरह 16787 तिरुनेलवेली–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस, 16031 अंडमान एक्सप्रेस, 19803 कोटा एक्सप्रेस और 16317 हिमसागर एक्सप्रेस में भी स्लीपर व थ्री एसी श्रेणी में यात्रियों के लिए फिलहाल कोई सीट उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा 12138 पंजाब मेल में भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ट्रेन में स्लीपर कोच में 41 और थ्री एसी में 35 यात्रियों की वेटिंग चल रही है।
रेलवे के अनुसार छुट्टियों की शुरुआत के साथ ही वेटिंग और बढ़ सकती है। जबलपुर से चलने वाली 11449 कटरा एक्सप्रेस रात 12 बजे रवाना होकर ग्वालियर, आगरा, मथुरा, फरीदाबाद, नई दिल्ली और रोहतक होते हुए रात सवा 11 बजे जींद पहुंचती है। यहां तीन मिनट रुकने के बाद यह ट्रेन नरवाना, जाखल, संगरूर, धुरी और लुधियाना के रास्ते कटरा जाती है। इसी तरह तिरुनेलवेली से चलने वाली 16787 कटरा एक्सप्रेस विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होती हुई रात 11 बजकर 47 मिनट पर जींद पहुंचती है।
चेन्नई सेंट्रल से चलने वाली अंडमान एक्सप्रेस, कोटा से चलने वाली कोटा एक्सप्रेस और कन्याकुमारी से चलने वाली हिमसागर एक्सप्रेस भी जींद होकर जम्मू-कटरा की ओर जाती हैं। इन ट्रेनों में यात्रियों का भारी दबाव बना हुआ है।
वर्जन
बच्चों की छुट्टियां होने के कारण अभिभावक धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर जाने की योजना बनाते हैं। इसके चलते ट्रेनों में ज्यादा बुकिंग है। आगामी 15 दिन बाद टिकटों की स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
-धीरज बुटानी, रिजर्वेशन विंडो अधिकारी