जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर अब जल्द ही सपनों की ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। रेलवे विश्वस्त सूत्रों के अनुसार इसी माह में जींद-सोनीपत के बीच ट्रेन चलाने की तैयारी है। ट्रेन चलाने के लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक सप्ताह के अंदर ट्रेन चलाने के लिए रेलवे द्वारा तारीख की घोषणा की जा सकती है।
रेलवे लाइन का सीआरएस जनवरी माह में हुआ था। इसके बाद से ही जिलावासी इस रेलवे लाइन पर ट्रेन चलने की राह देख रहे हैं। रेलवे के बजट सत्र में रेलवे लाइन पर नई ट्रेन चलाए जाने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन बजट सत्र में नई ट्रेन की घोषणा नहीं की गई, जिससे ट्रेन के लिए इंतजार और बढ़ गया। इस रेलवे लाइन पर नई ट्रेन चलाए जाने की संभावना कम ही है। शुरुआत में दिल्ली-कुरुक्षेत्र चलने वाली पैसेंजर गाड़ी को जींद-सोनीपत के रास्ते चलाया जा सकता है। जींद, गोहाना व सोनीपत के लोगों के लिए यह काफी अहम होगी। फिलहाल सीधे सोनीपत जाने के लिए जींद से कोई रोडवेज बस नहीं है। जींद-सोनीपत के बीच ट्रेन चलने से दोनों जिलों का संपर्क जुड़ेगा, जो व्यवसायिक दृष्टि से भी अहम है।
ट्रेन परिचालन से पूर्व निरीक्षण के लिए आएंगे अधिकारी
सूत्रों के अनुसार ट्रेन के परिचालन से पहले रेलवे के अधिकारी रेलवे लाइन का निरीक्षण करेंगे। आगामी कुछ दिनों में रेलवे अधिकारी निरीक्षण के लिए आ सकते हैं। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जींद-सोनीपत के बीच ट्रेन चलने से दिल्ली की डगर भी आसान होगी। फिलहाल जींद से वाया रोहतक होकर ट्रेन चलती है। जींद-सोनीपत के रास्ते दिल्ली जाने में एक से डेढ़ घंटे का समय बचेगा।
साल 2008 में शुरू हुआ था काम
जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर साल 2008 में काम शुरू हुआ था। 700 करोड़ रुपये की इस परियोजना के पूरा होने में काफी समय लगा और साल 2016 में रेलवे लाइन का काम पूरा हुआ। जनवरी माह में 20 व 21 जनवरी को सीआरएस द्वारा इस रेलवे लाइन को हरी झंडी दी गई। इसके बाद से करीब पांच माह बीतने को हैं।
आरक्षण आंदोलन की वजह से भी हुई देरी
रेलवे द्वारा जनवरी में हुए सीआरएस के बाद फरवरी में ट्रेन चलाने की तैयारी की गई थी, लेकिन फरवरी माह में आरक्षण आंदोलन शुरू हो गया। आरक्षण आंदोलन चलने के कारण फरवरी माह में ट्रेन नहीं चल सकी। आरक्षण आंदोलन की वजह से दिल्ली-बठिंडा रेलवे सेक्शन व जींद-पानीपत मार्ग पर भी कई दिनों तक ट्रेनों का परिचालन बंद रहा था।
जल्द ही ट्रेन का परिचालन संभव
रेलवे के उच्च अधिकारियों की तरफ से जैसे ही आदेश मिलते हैं, जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा। आगामी दिनों में ट्रेन का परिचालन संभव है। हालांकि इसके लिए रेलवे द्वारा घोषणा की जानी है।
- अनूप कुमार टीआई, टीआई
रेलवे परिचालन विभाग, पानीपत
जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर ट्रेन चलाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। फिलहाल ट्र्रेन परिचालन के लिए तारीख निर्धारित नहीं हुई है। जल्द ही रेलवे द्वारा ट्रेन चलाने के लिए घोषणा की जा सकती है।
- नीरज शर्मा, सीपीआरओ, नॉर्दन रेलवे