पुलिस द्वारा बड़ौदा-घोघड़िया के पास लूटी की घटना में शामिल एक युवक का जारी किया गया स्कैच।
- फोटो : bureau
शनिवार रात को बड़ौदा-घोघड़ियां गांव के बीच गाड़ी सवार युवकों ने पिस्तौल दिखाकर कार और नगदी छीन ली। बदमाश गाड़ी मालिक को घसो खुर्द के समीप बस स्टॉप के पास फेंककर नरवाना की तरफ भाग गए। गाड़ी में डेश बोर्ड में एक लाख आठ हजार रुपये की नगदी रखी थी। वहीं पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर तलाश जारी कर दी है। बड़ौदा गांव निवासी जोगिंद्र ने बताया कि बड़ौदा गांव में वह रेती-बजरी की दुकान चलाता है। शनिवार सुबह अपने दोस्त प्रदीप बड़ौदा के साथ हिसार जिले के बुरावाड़ा गांव में अपने दोस्त के बच्चों को छोड़कर वापस आ रहा था। अपने दोस्त प्रदीप को बड़ौदा गांव में छोड़ने के बाद वह गाड़ी में सवार होकर घोघड़ियां की तरफ जा रहा था। बड़ौदा से जाते समय शिव मंदिर से कुछ दूरी पर उसकी गाड़ी के सामने एक आई-20 गाड़ी रुकी। जैसे ही वह कुछ समझ पाता इससे पहले गाड़ी से तीन हथियारबंद युवक नीचे उतरे और उसकी गाड़ी का दरवाजा खोलकर उसे बंधक बना लिया गाड़ी लेकर निकल पड़े।
घसो बस स्टॉप पर छोड़ा, 600 रुपये भी दिए
जोगिंद्र ने बताया कि गाड़ी में जब उसने विरोध करना शुरू कर दिया तो एक युवक ने उसके मुंह पर पिस्तौल का बट मारा। इसके बाद बदमाशों ने उसका पर्स भी उससे छीन लिया। पर्स में दस हजार रुपये और कुछ जरूरी कागजात थे। घसो खुर्द गांव के बस स्टॉप के पास छोड़कर नरवाना की तरफ फरार हो गए। युवक जाते समय उसे 600 रुपये, खाली पर्स दे गए। जोगिंद्र ने बताया कि गाड़ी के डेस्क बोर्ड में एक लाख आठ हजार रुपये की राशि भी रखी थी।
ट्रक ड्राइवर का फोन लेकर दी जानकारी
जोगेंद्र ने बताया कि घटना के बाद वो घबराया था। कुछ दूर पर सड़क किनारे खड़े ट्रक के ड्राइवर के मोबाइल से फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। लेकर उसने अपने दोस्त प्रदीप बड़ौदा के पास फोन करके पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद प्रदीप तथा उसके भाई सुखबीर के साथ घसो खुर्द बस स्टॉप पर पहुंचे। यहां से उसे उचाना के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया। पिस्तौल की बट लगने से उसके मुंह पर चोट आई हुई थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी।
तलाश कर रही है पुलिस
थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि जोगिंद्र घोघड़िया की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, गाड़ी छीनने, हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। लूटपाट में शामिल एक युवक का स्केच भी जारी किया है।