जींद। जींद-रोहतक नेशनल हाईवे पर गांव चांदी गांव के पास नेशनल हाईवे पर नया टोल प्लाजा शुरू होने के बाद अब जींद से रोहतक आवागमन करने वाले यात्रियों की जेब पर 10 रुपये का अतिरिक्त देने पड़ेंगे। इससे पहले जींद से रोहतक के 70 रुपये लगते थे, लेकिन अब यात्रियाें को 80 रुपये देने होंगे। इसका भार प्रत्येक यात्री की जेब पर परिवहन समिति, हरियाणा रोडवेज व पंजाब रोडवेज की बसों में सफर करने वालों पर पड़ेगा।
जींद से रोहतक का किराया पिछले दो महीने में दूसरी बार बढ़ाया गया है। इससे पहले रोहतक में फ्लाईओवर के निर्माण के चलते बसों को पांच किलोमीटर अतिरिक्त घूमकर आना पड़ रहा था, इसलिए कारण पांच रुपये किराया बढ़ाया गया था। अब चांदी गांव में टोल शुरू होने के बाद 10 रुपये और बढ़ाया गया है।
रोहतक की तरफ जींद डिपो से 15 से ज्यादा बसें जाती हैं तो वहीं कैथल, नरवाना, टोहाना, फतेहाबाद की तरफ से भी रोडवेज बसें आती हैं और दिल्ली की तरफ जींद, रोहतक होते हुए जाती हैं। इसके अलावा पंजाब रोडवेज की भी 10 से ज्यादा बस जाती हैं। जींद से सैंकड़ों लोग प्रतिदिन रोहतक, दिल्ली की तरफ जाते हैं।वर्ष 2025-26 के लिए टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे के गैर कॉमर्शियल वाहनों के लिए मासिक पास की दर 350 रुपये निर्धारित की गई है।
जींद से रोहतक की दूरी करीब 63 से 64 किलोमीटर है। इसलिए परिवहन विभाग के नियम के अनुसार 65 रुपये किराया लिया जा रहा था। रूट डायवर्ट के कारण पांच रुपये किराया बढ़ा दिया था तब यात्रियों से 70 रुपये वसूले जाने लगे। अब यह किराया 80 रुपये किया गया है।
बाक्स
जींद से रोहतक जाने वाले यात्री सुदेश, नरेश, मोनू, अजय ने कहा कि 10 रुपये किराये में बढ़ोतरी ज्यादा है। प्रत्येक यात्री से 10 रुपये किराया बढ़ने पर बस का औसतन किराया 500 रुपये बढ़ गया, जबकि टोल पर बस को लगभग 200 रुपये ही देने पड़ते हैं। इसलिए किराये को पांच रुपये तक ही बढ़ाया जाना चाहिए था।
बाक्स
गांव चांदी में टोल प्लाजा शुरू होने के कारण 10 रुपये किराये में वृद्धि की गई है। हरियाणा रोडवेज से पहले पंजाब रोडवेज ने पहले ही 10 रुपये किराया बढ़ा दिया था। अब रोडवेज की बसों में जींद से रोहतक के लिए 80 रुपये किराया के देना होगा।
जसमेर खटकड़, ड्यूटी इंस्पेक्टर