जींद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सभी निजी चिकित्सक मंगलवार को हड़ताल पर रहेंगे। निजी चिकित्सकों की हड़ताल के कारण मरीज को नागरिक अस्पताल में उपचार देने के लिए इमरजेंसी वार्ड में दो चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार को सरकारी छुट्टी होने के बावजूद अस्पताल के सभी चिकित्सक ऑन कॉल मौजूद रहेंगे, उनको किसी भी समय अस्पताल में बुलाया जा सकता है।
बताते चलें कि राजस्थान सरकार द्वारा आरटीएच कानून लागू करने के विरोध में आईएमए पहले भी अपना विरोध जता चुकी है। आईएमए के जिला प्रधान डॉ. मनोज कुमार व सचिव डॉ. कुलदीप राणा ने अपनी मंगलवार की हड़ताल के संबंध में सिविल सर्जन को पत्र लिखकर अवगत करवा दिया है। सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान ने मंगलवार को सरकारी छुट्टी होने के कारण सभी चिकित्सा प्रभारियों को पत्र जारी करके सभी प्रकार की इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने, प्रसव व लेबर रुम को सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए हैं। आम दिनों में इमरजेंसी में एक चिकित्सक की ड्यूटी रहती है, मंगलवार को दो चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यदि मरीजों की संख्या बढ़ती है तो अन्य चिकित्सकों को भी बुलाया जा सकता है। सिविल सर्जन ने तुरंत प्रभाव से स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, एलएमओ की डयूटियां निर्धारित कर दी हैं। जिले में लगभग 170 निजी चिकित्सक हैं। सिविल सर्जन ने कहा कि किसी प्रकार से मरीजों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।